


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए एक जेट्टा कार में बनाए गए सीक्रेट चेंबर से 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बिहार निवासी एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा, कार और मोबाइल सहित कुल 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा से एक जेट्टा कार (क्रमांक MH 02 CD 3140) में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम श्रवण यादव (39 वर्ष), निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में बनाए गए गुप्त चेंबर से 18 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा के मदन रामपुर से लेकर रायपुर पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18.97 लाख रुपये मूल्य का गांजा, 6 लाख रुपये कीमत की जेट्टा कार और 5 हजार रुपये का मोबाइल जब्त किया।जब्त संपत्ति की कुल कीमत 25 लाख 2 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

