



न्यूज मंच/ महासमुंद/ महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-353 स्थित टेमरी नाका पर घेराबंदी कर दो कारों से 85.080 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक महिला सहित उत्तर प्रदेश और बिहार के चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत 42 लाख 55 हजार 500 रुपये आंकी गई है। वहीं, गांजा, दो कार, पांच मोबाइल और नकदी सहित कुल 71 लाख 67 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर टेमरी नाका में हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वोक्सवैगन कार क्रमांक CG 04 KP 6666 में एक महिला और एक पुरुष तथा महिंद्रा एक्सयूवी-700 कार क्रमांक BR 01 KC 1111 में दो पुरुष सवार हैं। दोनों वाहन ओडिशा के खरियार रोड से बागबाहरा-महासमुंद की ओर आगे-पीछे गांजा लेकर आ रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-353 स्थित टेमरी नाका पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद दोनों संदिग्ध वाहन आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। इसके बाद दोनों वाहनों की बारी-बारी से तलाशी ली गी।
दोनों कारों से मिले 28 पैकेट गांजा
तलाशी के दौरान वोक्सवैगन कार की डिक्की में चार प्लास्टिक बोरियों में 14 पैकेट गांजा मिला। वहीं, महिंद्रा एक्सयूवी-700 कार से भी 14 पैकेट गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहनों से कुल 85.080 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 42,55,500 रुपये बताई गई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र से गांजा लेकर इटारसी और दिल्ली जा रहे थे, जहां गांजे को स्वयं बेचने की योजना थी।
उत्तर प्रदेश और बिहार के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की है। आदिल शेख (38 वर्ष), निवासी बिलरियागंज, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)।रिया पटेल (22 वर्ष), निवासी महावीरपुरम, पनकी रोड, कानपुर (उत्तर प्रदेश)।राजा कुमार (24 वर्ष), निवासी गौहरबसंत, थाना गरखा, जिला छपरा (बिहार)।शुभम सिंह (20 वर्ष), निवासी आदर्श नगर भुईंधारा
71.67 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित संपत्ति जब्त की है।
85.080 किलोग्राम गांजा – 42,55,500 रुपये।
दो कार – 25,00,000 रुपये।
पांच मोबाइल फोन – 1,82,000 रुपये।
नकद रकम – 2,30,000 रुपये।
इस प्रकार कुल 71,67,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुवे चारों जेल भेजे गये।कोमाखान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C), 27(a) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्यप्रदेश और दिल्ली तक गांजा पहुंचाने की तस्करी योजना पर बड़ी चोट माना जा रहा है। सटीक सूचना, त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीम के समन्वय से यह सफलता मिली।





