




न्यूज मंच डेस्क / 1 मई 2026/बागबाहरा/छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा-2026 के घोषित परिणामों में महासमुंद जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।विधायक श्री यादव ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले जिले के 12 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यह महासमुंद के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि मेरिट सूची में शामिल 12 विद्यार्थियों में से 11 सरायपाली क्षेत्र से तथा 1 बागबाहरा से हैं, जो क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अभिभावकों के त्याग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का संयुक्त परिणाम है।विधायक ने मेरिट सूची में छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। श्री यादव ने सभी मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके सपने और सेवा का जज्बा आने वाले समय में महासमुंद और छत्तीसगढ़ का मान और बढ़ाएगा।

