


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ 6 जून 2026/ महासमुंद जिले के सांकरा थाना में पदस्थ एक आरक्षक का कथित रूप से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आरक्षक एक व्यक्ति से चालान की कॉपी उपलब्ध कराने के नाम पर 2500 रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि न्यूज मंच वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि नियमानुसार चालान की प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। आरोप है कि चालान की फोटोकॉपी देने के नाम पर राशि की मांग की गई और निर्धारित रकम से कम राशि देने पर दबाव बनाकर पूरी रकम ली गयी है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षक अरुण प्रताप सिंह को सांकरा थाना से हटाकर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सांकरा थाना में पदस्थ आरक्षक का नाम सामने आया है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत आरक्षक को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वायरल वीडियो में कितनी सच्चाई है । फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर जिले भर की निगाहें टिकी हुई हैं।

