


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से लापता 38 वर्षीय युवक की सड़ी-गली लाश महासमुंद जिले के ग्राम नांदगांव में महानदी किनारे मिट्टी में दफन अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर महासमुंद कोतवाली पुलिस ने मंदिर हसौद पुलिस की मौजूदगी में शव को मिट्टी खोदकर बाहर निकाला। मृतक की पहचान भूनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से क्रेन ऑपरेटर बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक वह 22 तारीख से लापता था, जिसकी गुमशुदगी मंदिर हसौद थाना, जिला रायपुर में दर्ज कराई गई थी। सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला शराब सेवन के बाद हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे मिट्टी में दफना दिया गया था। मामले में महासमुंद कोतवाली पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।सूत्रों की मानें तो महासमुंद पुलिस इस मामले का खुलासा कल कर सकती है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

