


न्यूज मंच डेस्क
महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कमरौद में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत बरगद पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना, किसानों से खाद संकट और सिंचाई सुविधाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के प्रयास कर रही है तथा नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन शिकायत समाधान व्यवस्था और पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के विस्तार की जानकारी भी दी। चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राहियों को व्हीलचेयर और ट्रायसिकल वितरित किए। वहीं ग्रामीणों की मांग पर महिलाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन, कमरौद से चरोदा तक लगभग 4 किलोमीटर सड़क निर्माण और मुक्ति धाम निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम में सांसद रुपकुमारी चौधरी , विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि , अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

