


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/1 अगस्त 2026/ महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा, महासमुंद में महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में पुस्तक समीक्षा एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी साहित्यिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन, साहित्य और उनके सामाजिक सरोकारों पर अपने विचार व्यक्त किए।प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करना, साहित्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा महान साहित्यकारों के जीवन एवं कृतित्व से प्रेरणा प्राप्त करना था।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में मुंशी प्रेमचंद की प्रमुख कृतियों, साहित्य से जुड़े महत्वपूर्ण शब्दों और प्रेरणादायक विचारों का आकर्षक प्रदर्शन भी किया गया, जिसने विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणामों में कक्षा 12 ‘ए’ की सुश्री राखी यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 11 ‘बी’ की सुश्री ओजस्वी साहू द्वितीय तथा कक्षा 11 ‘बी’ की सुश्री हीना पटेल तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी गई।कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य आर. के. तिवारी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अपने संबोधन में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को मुंशी प्रेमचंद के साहित्य से प्रेरणा लेकर मानवीय मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और उत्कृष्ट लेखन की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

