



न्यूज मंच डेस्क / पिथौरा/ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के महासमुंद जिले में आगमन पर पिथौरा में कांग्रेसजनों ने आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भूपेश बघेल का अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। भूपेश बघेल ने कांग्रेसजनों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।भूपेश बघेल के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका मार्गदर्शन संगठन में नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने की बात कही।

