


न्यूज मंच डेस्क/ महासमुंद/3 अगस्त 2026/ महासमुंद जिले के बरोण्डा बाजार स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से आठ अपचारी बालकों के फरार होने का मामला सामने आया है। फरार बालकों को चोरी, आबकारी अधिनियम, गांजा परिवहन तथा दुष्कर्म जैसे मामलों में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह में कुल 27 अपचारी बालक रह रहे थे। इनमें से आठ बालक बीती रात तड़के लगभग तीन बजे खिड़की की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए। फरार बालकों में तीन महासमुंद, एक गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर, दो ओडिशा के कालाहांडी, एक बलौदाबाजार-भाटापारा तथा एक धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बाल संप्रेक्षण गृह की अधीक्षिका अर्पणा श्रीवास्तव ने तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर दिया और फरार बालकों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस की रात्रि गश्त करीब ढाई बजे तक हुई थी, जिसके कुछ समय बाद यह घटना हुई।
गौरतलब है कि शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालकों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस फरार बालकों को कितनी शीघ्रता से पकड़ पाती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।

