



न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/20 अगस्त 2026/ महासमुंद जिले में एनालॉग पनीर के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। भलेसर स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट्स से 17 अगस्त को लिए गए पनीर के सैंपल की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में पनीर को असुरक्षित यानी मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने वैद्य फूड प्रोडक्ट्स की पनीर उत्पादन यूनिट पर कार्रवाई की। टीम ने फैक्ट्री में जब्त करीब 300 किलो पनीर को परिसर में गड्ढा खोदकर नष्ट कराया। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 59 के तहत कार्रवाई करते हुए पनीर प्रोडक्शन यूनिट को सील कर दिया गया।
क्या था मामला
दरअसल, महासमुंद में एनालॉग पनीर बनाए जाने की शिकायत के बाद 17 अगस्त को जिला प्रशासन, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भलेसर स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट्स में छापामार कार्रवाई की थी। इस दौरान करीब 300 किलो पनीर जब्त किया गया था। पनीर के सैंपल जांच के लिए राज्य औषधि प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए थे।
जांच रिपोर्ट आई असुरक्षित
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी उमेश वर्मा ने बताया कि पनीर की जांच रिपोर्ट असुरक्षित पायी गयी है यानी खाने योग्य नही है । रिपोर्ट में पनीर में स्टार्च, शुगर और फॉरेन फैट की पुष्टि हुई है।
प्रशासन की कार्यवाही
रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने जब्त पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया और उत्पादन यूनिट को सील कर दिया है।

