


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ ग्राम मंदिर हसौद में रहकर कार्य करने वाले तथा बागबाहरा विकासखंड के ग्राम चकचकी निवासी स्वर्गीय भुनेश्वर यादव की हत्या के मामले में यादव समाज ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है।अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा एवं यादव समाज महासमुंद ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष विनोद यादव एवं वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राम आसरे यादव के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हत्याकांड के सभी दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस प्रकार की जघन्य घटनाओं में कठोर दंड दिए जाने से अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर अंकुश लगाया जा सकेगा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि स्वर्गीय भुनेश्वर यादव अत्यंत गरीब परिवार से थे। उनकी मृत्यु के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और उनके परिजनों के सामने आजीविका चलाने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसी स्थिति में शासन द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान किया जाना आवश्यक है, ताकि परिवार को राहत मिल सके। यादव समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राम आसरे यादव, जिलाध्यक्ष विनोद यादव, आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी संजय यादव, मंगधा यादव समाज के जिला अध्यक्ष शरद कुमार हंस, सुंदर यादव, मिलाप यादव, सतीश यादव, संजय यादव, सुरेश यादव, मनोहर यादव एवं राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। यादव समाज ने कहा कि भुनेश्वर यादव की हत्या बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। समाज की मांग है कि मामले में शामिल सभी दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाए तथा पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देकर उनके जीवन-यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

