


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ वन्यजीव संरक्षण और अवैध शिकार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वन विकास निगम की बारनवापारा परियोजना मंडल की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शिकार के मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल महासमुंद भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार उप मंडल प्रबंधक रायपुर महेश खटकर के निर्देश पर गठित 20 सदस्यीय टीम ने परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी (बार) संजय कुमार ठाकुर एवं सहायक परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी रणवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। टीम ने बार परिक्षेत्र के बसना सर्कल अंतर्गत ग्राम पड़कीपाली और अकलतरा में दबिश देकर अवैध शिकार के मामले में संलिप्त आरोपी मनोहर यादव (32 वर्ष), पिता सुभाष यादव को गिरफ्तार किया। वन विकास निगम की टीम आरोपियों की तलाश में लारीपुर बीट के ग्राम पड़कीपाली और अकलतरा पहुंची थी।घेराबंदी के दौरान मनोहर यादव को पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी लोकेश भोई, सेवकराम भोई (दोनों निवासी पड़कीपाली) तथा राजू मांझी (निवासी अकलतरा) मौके से फरार होने में सफल रहे।गिरफ्तार आरोपी को रातभर सांकरा थाना की अभिरक्षा में रखा गया। इसके बाद बुधवार को उसे माननीय न्यायालय महासमुंद में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल महासमुंद भेजने का आदेश दिया।परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी (बार) संजय कुमार ठाकुर ने बताया कि वन अपराधों के खिलाफ विभाग जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रहा है। फरार तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण और अवैध शिकार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

