20261004 10003020261004 100030

IMG 20250718 WA0002

1000120475

1000120474

IMG 20250717 WA0000

न्यूज मंच/महासमुंद/ जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात तेंदुए के घर में घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने यादव परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की है। यादव परिवार के करीब 10 सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई (55) बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं, तभी उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उन पर हमला किया और इसके बाद घर के अंदर घुस गया। घर में घुसने के बाद तेंदुए ने परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव (36), मनीष यादव (18), तुषार यादव (14), उत्तरी बाई (55) और सुनीता यादव (32) घायल हुए हैं। उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है, जबकि सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई गई है। मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। तेंदुए के अचानक हमले के बावजूद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रायपुर भेजा गया है।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद बताया जा रहा है। गौरतलब है कि बागबाहरा वनपरिक्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिल रही है। एक दिन पहले ही कोमाखान क्षेत्र के कोरीडोंगरी जंगल में लकड़ी लेने गए एक युवक पर तेंदुए ने हमला किया था। अब झिटकी गांव में तेंदुए के घर में घुसकर छह लोगों को घायल करने की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग के सामने तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!

2024 © Website Owned & Copyright by newsmanch.co.in | Themeansar | This Portal is Developed by Saurabh Prasad (Currently Working as a Freelancer & Associate Project Engineer at IIT Guwahati)