



न्यूज मंच / महासमुंद/ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की आब्जर्वर एवं महाराष्ट्र के धुले लोकसभा क्षेत्र की सांसद डॉ. शोभा बच्छाव और प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने महासमुंद के कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा SIR प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि देशभर में SIR प्रक्रिया के तहत 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारण लोगों के संवैधानिक मताधिकार प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस ने नाम हटाने के स्पष्ट कारण बताने, प्रभावित मतदाताओं को आपत्ति दर्ज कराने और अपील करने का अवसर देने के साथ ही मतदाता सूची में सामने आई विसंगतियों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
महाराष्ट्र में मतदाताओं की संख्या बढ़ने पर उठाए सवाल
सांसद डॉ. शोभा बच्छाव ने महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच करीब 39 लाख मतदाताओं के जुड़ने का हवाला देते हुए मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने दोहरे पंजीकरण, संदिग्ध तस्वीरों और फॉर्म-6 के कथित दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल
प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया और उन्हें प्राप्त कानूनी संरक्षण पर सवाल उठाए। उन्होंने चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में प्रभावित नागरिकों को उचित सुनवाई और अपील का अवसर मिलना चाहिए।
‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाएगी कांग्रेस
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया निरस्त करने और प्रभावित मतदाताओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने की मांग दोहराई। पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर जिला स्तर तक ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाने की घोषणा की। साथ ही, 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन की रैली और विशाल आमसभा आयोजित करने की जानकारी दी।
प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

