



न्यूज मंच / महासमुंद/ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर INDIA गठबंधन ने 2 से 8 अक्टूबर तक देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसी क्रम में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन, पदयात्रा और कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे। यह जानकारी खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने शुक्रवार को कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। द्वारिकाधीश यादव ने बताया कि 30 सितंबर को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में INDIA गठबंधन के घटक दलों की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। बैठक में SIR, मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की गई।उन्होंने बताया कि गठबंधन के निर्णय के अनुसार 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर मार्च और प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मार्च डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, महात्मा गांधी की प्रतिमा अथवा जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचेगा। निर्धारित स्थल पर राष्ट्रगान के बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किए जाने की भी बात कही गई है।
CEC को हटाने और SIR में हटाए गए नाम सार्वजनिक करने की मांग
विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। इसके अलावा SIR के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों को सार्वजनिक करने, प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने तथा चुनाव में बैलेट पेपर अथवा VVPAT की 100 प्रतिशत पर्चियों के मिलान की मांग भी उठाई गई है। INDIA गठबंधन ने 2 से 8 अक्टूबर के बीच देशभर में ‘सेव डेमोक्रेसी’ कार्यक्रम और जिला स्तर पर मार्च की घोषणा की है।
विधायक का दावा- महासमुंद जिले में 92,700 नाम SIR के दौरान कटे
पत्रकारवार्ता में द्वारिकाधीश यादव ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में हालिया SIR प्रक्रिया के दौरान करीब 19 लाख मतदाताओं के नाम स्थान परिवर्तन अथवा अनुपस्थित होने के आधार पर हटाए गए हैं। उनके अनुसार महासमुंद जिले में कुल 92,700 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े बताते हुए उन्होंने कहा कि महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से 28,397, खल्लारी से 20,033, बसना से 21,752 और सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से 22,518 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है।इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस और INDIA गठबंधन द्वारा आंदोलन शुरू किया जा रहा है।।पत्रकारवार्ता में पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, लक्ष्मण पटेल, गुरमीत चावला, महेन्द्र चंद्राकर, राशि महिलांग, मानिक साहू, संजय शर्मा, अन्नू चंद्राकर सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

