


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा, महासमुंद में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं भारतीय संस्कृति की गरिमामयी परंपरा के अनुरूप हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार गुरु पूजन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। पूजन एवं माल्यार्पण सुभाष पाण्डेय एवं संदीप शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य, डी.आई.ई.टी. अरुण प्रधान, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा कार्यालय के उप संचालक नंद कुमार सिन्हा, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामजी प्रसाद तिवारी तथा विद्यालय के प्राचार्य आर.के. तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन लिशी देवांगन एवं राखी यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आर.के. तिवारी ने अपने संबोधन में गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सदैव श्रद्धा, सम्मान एवं समर्पण का भाव बनाए रखने का आह्वान किया।मुख्य अतिथि अरुण प्रधान ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता बताते हुए विद्यार्थियों को अपने गुरुजनों का सम्मान करने, उनके आदर्शों का अनुसरण करने तथा ज्ञान के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं नंद कुमार सिन्हा ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार एवं चरित्र का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामजी प्रसाद तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं तथा जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्रदान करते हैं।कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विद्यार्थियों ने गुरु महिमा पर आधारित आकर्षक नृत्य, प्रेरणादायी नाटक, ओजस्वी भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की अतिथियों एवं अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।अंत में श्रीमती अर्चना गोटमारे ने सभी अतिथियों, शिक्षकगण, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय के प्राचार्य आर.के. तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही तथा पूरा विद्यालय परिसर गुरु-भक्ति, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

