


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी ने पेट्रोल-डीजल, गैस संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों को जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने वाला बयान बताया। राजेंद्र तिवारी ने कहा कि देशभर में लोग पेट्रोल, डीजल और गैस संकट से जूझ रहे हैं, जबकि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय लोगों को कम उपयोग की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल पा रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। बढ़ती कीमतों और खाद संकट के कारण किसान आर्थिक दबाव में हैं। कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होने ने कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और हर जरूरी वस्तु की कीमत बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।पत्रकारवार्ता में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

