


न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद शहर के सोहम हॉस्पिटल में सोहम जन सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार 10 मई को 127वें निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया।शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित परामर्श दिया गया। शिविर में डॉ. सोमी चंद्राकर, डॉ. युगल चंद्राकर एवं डॉ. सी.पी. पटेल की टीम ने मरीजों की जांच की। इस दौरान 40 मरीजों की निःशुल्क सोनोग्राफी भी की गई। वहीं 70 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर में जोड़ों के दर्द, पेट संबंधी समस्याएं, पथरी, गैस एवं जलन, चमड़ी रोग, साइटिका, सर्वाइकल, दाद-खाज-खुजली सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचे। डॉक्टरों ने मरीजों को बीमारी के अनुसार उचित सलाह एवं उपचार संबंधी जानकारी दी। स्वास्थ्य शिविर में महासमुंद जिले के बागबाहरा, तुमगांव, पिथौरा सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने लाभ उठाया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मरीजों ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। सोहम हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. युगल चंद्राकर ने बताया कि सोहम परिवार द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और परामर्श मिल सके।

