








न्यूज मंच/महासमुंद, 26 सितंबर 2026। महासमुंद जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।लगातार बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके चलते नदी-नाले उफान पर हैं। नदी किनारे बसे करीब तीन दर्जन गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। इसी बीच ग्राम बम्हनी स्थित शासकीय मदिरा दुकान चारों ओर से पानी से घिर गई है। दुकान की सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मी छगन लाल कुर्रे और ईद कुमार टंडन बाढ़ के पानी के बीच फंस गए। दोनों सुरक्षाकर्मियों ने वीडियो बनाकर वायरल किया, जिसमें उन्होंने बाढ़ में फंसे होने की जानकारी देते हुए खुद को सुरक्षित बताया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।सूचना मिलते ही नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और दोनों सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और दोनो सुरक्षाकर्मी का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। जिले में लगातार बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन नदी-नालों के आसपास के क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है।

