


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद /जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने देश की चिकित्सा प्रवेश परीक्षा (NEET) में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं, शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण तथा छात्रों पर बढ़ते मानसिक और आर्थिक बोझ को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली की विफलता पर सवाल उठाते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग की। पत्रकार वार्ता में खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बार-बार परीक्षा विवादों और पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थियों का मनोबल टूट रहा है। वहीं कोचिंग, हॉस्टल, किताबों और परीक्षा फीस पर होने वाले भारी खर्च के कारण छात्रों एवं उनके परिवारों पर गंभीर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। शिक्षा व्यवस्था अब आम और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए लगातार महंगी होती जा रही है। द्वारिकाधीश यादव ने एनटीए और शिक्षा मंत्रालय की जवाबदेही तय करने, पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा परीक्षाओं पर लगाए गए 18 प्रतिशत जीएसटी को हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक और स्थायी सुधार किए जाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में परीक्षाएं रद्द होने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।कांग्रेस ने “शिक्षा बचाओ, अपना भविष्य बचाओ” अभियान के तहत देशव्यापी आंदोलन चलाने की घोषणा करते हुए छात्रों और अभिभावकों के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।

