


न्यूज मंच डेस्क
महासमुंद/ जिले में अपराध जांच को वैज्ञानिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस लाइन महासमुंद में एफएसएल मोबाइल यूनिट (फोरेंसिक वैन) का शुभारंभ किया गया।अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस फोरेंसिक वैन को सांसद श्रीमती रुपकुमारी चौधरी और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस एफएसएल मोबाइल यूनिट का उद्देश्य अपराध स्थल पर तुरंत पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित करना, जांच अधिकारियों को तकनीकी सहायता प्रदान करना और महत्वपूर्ण सबूतों को सुरक्षित रखना है।फोरेंसिक वैन में क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट, डिजिटल एवं साइबर फोरेंसिक उपकरण, फोरेंसिक लाइट सोर्स, स्पॉट टेस्ट किट, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सिस्टम सहित बुलेट टेस्टिंग किट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सांसद श्रीमती रुपकुमारी चौधरी ने कहा कि इस मोबाइल यूनिट से पुलिस को अपराध स्थल पर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी, जिससे अपराधियों तक शीघ्र पहुंचने और मामलों की जांच को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।
वहीं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. लोकेश सिंह ने बताया कि नए कानूनों के तहत सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में फोरेंसिक टीम की जांच अनिवार्य की गई है। गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई यह एफएसएल मोबाइल यूनिट 14 प्रकार की जांच सुविधाओं और डीएनए जांच किट से सुसज्जित है, जो अपराध जांच को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

