


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ NEET जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के मामलों को लेकर पूर्व कार्यकारी नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए इसे देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि वर्षों तक कठिन मेहनत करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में इस प्रशासनिक विफलता को लेकर भारी आक्रोश है।कृष्णा चंद्राकर ने कहा कि “पेपर लीक होना युवा तरुणाई के सपनों के टूटने जैसा है।” उन्होंने कहा कि लाखों छात्र डॉक्टर बनने का सपना लेकर सालों तक तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली में बैठे भ्रष्ट तत्वों की वजह से मेहनती और गरीब विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या केवल परीक्षा के माध्यम की नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार की है। देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल NEET का पेपर लीक होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में आमूलचूल बदलाव किए जाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। कृष्णा चंद्राकर ने कहा कि देश के अधिकांश राज्यों में डबल इंजन की सरकारें हैं, ऐसे में जिन राज्यों से पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, वहां की सरकारों को इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को लाखों छात्रों और युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस सरकार से एक महत्वपूर्ण परीक्षा का प्रश्नपत्र सुरक्षित नहीं रखा जा सकता, उससे देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह पेपर लीक होते रहे तो योग्य डॉक्टरों का निर्माण कैसे होगा, इस पर सरकार को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।

