




न्यूज मंच डेस्क / 1 मई 2026/ महासमुंद/प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत महासमुंद विकासखंड के ग्राम बम्हनी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। शिविर में 16 ग्राम पंचायतों से प्राप्त 1166 आवेदनों में से 548 का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के समाधान की प्रक्रिया जारी है। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के तहत गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और हर गांव का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।इस दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के अभिनंदन पत्र, बैंक लोन चेक एवं सुपोषण टोकरी वितरित की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच शिविर लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण भी किया गया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। साथ ही नशा मुक्ति अभियान की शपथ दिलाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

