


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को महासमुंद जिले के राजस्व पटवारियों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर लोहिया चौक में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर जिले के करीब 240 पटवारी शामिल हुए और शासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया।पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में पटवारियों को पदोन्नति प्रदान करना तथा समयमान वेतनमान एवं वेतन विसंगति से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण शामिल है। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक शासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। राजस्व पटवारी संघ महासमुंद के जिला अध्यक्ष कमलेश डहरे ने बताया कि यह आंदोलन फिलहाल एक दिवसीय सांकेतिक धरने के रूप में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर शासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो संघ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगा।धरना-प्रदर्शन में जिले के विभिन्न तहसीलों से आए बड़ी संख्या में पटवारियों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया गया और शासन से शीघ्र मांगों के निराकरण की अपील की गई।

