IMG 20260902 WA0002IMG 20260902 WA0002

IMG 20250718 WA0002

1000120475

1000120474

IMG 20250717 WA0000

न्यूज मंच डेस्क

महासमुंद/ राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के लिए प्रदेश के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए। समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उसकी सफलता से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है। राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

लक्की यादव को शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार

महासमुंद जिले के बागबाहरा स्थित फार्च्यून नेत्रहीन विद्यालय करमापटपर के पैरा एथलीट लक्की यादव को शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार वर्ष 2025-26 से सम्मानित किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र और 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। लक्की यादव ने विश्व पैरा एथलेटिक्स-2026, नई दिल्ली में रजत पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था।

सुखदेव और निखिल यादव को शहीद कौशल यादव पुरस्कार

इसी विद्यालय के पैरा एथलीट सुखदेव यादव को शहीद कौशल यादव पुरस्कार वर्ष 2024-25 से सम्मानित किया गया। उन्हें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
सुखदेव ने 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, चेन्नई में फरवरी 2025 में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा उन्होंने 13वीं जूनियर नेशनल एवं सब-जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, बेंगलुरु में जुलाई 2024 तथा 12वीं जूनियर एवं सब-जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, गुजरात में जनवरी 2023 में भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। वहीं निखिल यादव को शहीद कौशल यादव पुरस्कार वर्ष 2025-26 से सम्मानित किया गया। उन्हें भी अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली।निखिल ने 14वीं जूनियर नेशनल एवं सब-जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, ग्वालियर में अगस्त 2025 में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

महिला आरक्षक प्रियंका ठाकुर को शहीद पंकज विक्रम सम्मान

महासमुंद जिले के थाना तुमगांव में पदस्थ महिला आरक्षक प्रियंका ठाकुर को भी खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शहीद पंकज विक्रम सम्मान वर्ष 2023-24 से सम्मानित किया गया।
प्रियंका ठाकुर वर्ष 2016 से लगातार राष्ट्रीय सीनियर वुशु चैम्पियनशिप में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के लिए दो बार कांस्य पदक हासिल किया है। उनके खेल प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

चांदनी साहू की सीनियर महिला तीरंदाजी टीम को दो वर्षों के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी

महासमुंद की बेटी और तीरंदाजी खिलाड़ी चांदनी साहू, पिता बलदेव साहू, को सीनियर महिला टीम की उपलब्धि के लिए वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सम्मानित खिलाड़ियों एवं उनके परिवारों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।उन्होंने जिले में खेल गतिविधियों के विकास तथा खेल अकादमी खोलने के लिए प्रयास करने की बात कही।इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, निरंजन साहू, खिलाड़ियों के गुरुजन एवं पालक उपस्थित रहे।महासमुंद के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राज्य पैरा एथलेटिक्स संघ के सचिव डीकेश टंडन, जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के सचिव तोरण यादव एवं पदाधिकारियों सहित डॉ. पूर्णेन्द्र चंद्राकर, जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा के अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव एवं एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, अरविंद छाबड़ा, रिंकल बग्गा, सोमनाथ साहू तथा बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा और खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के खिलाड़ियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।महासमुंद जिले के खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों ने एक बार फिर साबित किया है कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर जिले की प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने में सक्षम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!

2024 © Website Owned & Copyright by newsmanch.co.in | Themeansar | This Portal is Developed by Saurabh Prasad (Currently Working as a Freelancer & Associate Project Engineer at IIT Guwahati)