



न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को जिलेभर में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के तत्वावधान में मिनी स्टेडियम महासमुंद तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा में आयोजित कार्यक्रम में हॉकी एवं बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई।कार्यक्रम में हॉकी संघ महासमुंद के जिलाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, जनपद सदस्य संगीता राहुल चंद्राकर, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष लिखनू निर्मलकर, विधायक प्रतिनिधि रविकांत चंद्राकर एवं खेमराज साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। हॉकी के फाइनल मुकाबले में मेजर ध्यानचंद टीम और नीता डूमरे टीम आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में मेजर ध्यानचंद टीम ने 3-2 गोल से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बॉल बैडमिंटन में सीनियर टीम विजेता तथा जूनियर टीम उपविजेता रही।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हॉकी खिलाड़ी सागर सेन और बॉल बैडमिंटन की वर्षा कोसरे को सम्मानित किया गया।अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रतिभा के दम पर युवा विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार एवं उपलब्धियों के अवसर हासिल कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।इसी क्रम में मिनी स्टेडियम महासमुंद में बास्केटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जिला हॉकी संघ अध्यक्ष राहुल चंद्राकर, वरिष्ठ शिक्षक नीलमणि चंद्राकर सहित राजेश शर्मा, अंकित जैन, जमशेद रजा, शुभम तिवारी और इमरान अली उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने खेल संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, वरिष्ठ शिक्षकों तथा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। वक्ताओं ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खेल प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।

