



न्यूज मंच /महासमुंद/ महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार तिवारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालयीन स्टॉफ एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में विद्यालय की सांस्कृतिक समिति द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्रा पूजा लिल्हारे द्वारा भारतीय संविधान की उद्देशिका के वाचन से हुई। इसके पश्चात प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालयीन स्टॉफ एवं विद्यार्थियों ने एक साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे मूलभूत आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल्यों की जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर प्राचार्य राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान का सम्मान करे तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार, जागरूक एवं आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने, राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना था। संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





