



न्यूज मंच /महासमुंद/ जिले में बिना वैध लाइसेंस संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम को नियमों का उल्लंघन करने और बिना वैध पंजीयन के अस्पताल संचालित करने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) महासमुंद के निर्देश पर नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच दल को अस्पताल में एक मरीज सिजेरियन ऑपरेशन (LSCS) के बाद भर्ती मिला, जबकि एक अन्य मरीज की नसबंदी (Tubectomy) की गई थी। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में न तो कोई योग्य चिकित्सक मौजूद था और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तैनात था।
8 महीने से ओपीडी और 4 महीने से भर्ती कर किया जा रहा था इलाज
निरीक्षण के दौरान जब अस्पताल प्रबंधन से संचालन संबंधी पंजीयन और लाइसेंस के दस्तावेज मांगे गए तो कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जांच दल के समक्ष दिए गए कथन में प्रबंधन ने स्वीकार किया कि पिछले 8 महीने से बिना वैध दस्तावेज के ओपीडी संचालित की जा रही थी। वहीं पिछले 4 महीने से मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार और ऑपरेशन भी किया जा रहा था।
नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सीलबंदी
निरीक्षण के बाद जांच दल ने अपनी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ ने अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। लेकिन संचालक द्वारा संतोषजनक जवाब और अस्पताल संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम को विधिवत सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीयन और नियमों के विरुद्ध संचालित निजी अस्पतालों में हड़कंप मचा हुआ है।





