



उत्तर प्रदेश के जावेद अली की आधार कार्ड से खुली पहचान, बिना डिग्री और लाइसेंस के चला रहा था दवाखाना, प्रशासन ने 7 दिन का नोटिस जारी किया
न्यूज मंच /महासमुंद/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में फर्जी चिकित्सकों और अवैध क्लिनिकों के खिलाफ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।सरायपाली में फर्जी नाम से संचालित हो रहे ‘डॉ. राव दवाखाना’ पर संयुक्त जांच दल ने छापेमारी कर उसे आगामी आदेश तक सील कर दिया। जांच में क्लिनिक संचालक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी जावेद अली के रूप में हुई, जो कथित तौर पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर ‘डॉ. राव’ के नाम से मरीजों का इलाज कर रहा था।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर हुई कार्रवाई
मामले का खुलासा सीएम हेल्पलाइन 1076 पर मिली शिकायत के बाद हुआ। शिकायत में बताया गया था कि सरायपाली के सरसीवा रोड स्थित ग्राम पतेरापाली में प्रत्येक सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ‘डॉ. राव दवाखाना’ संचालित किया जाता है। यहां बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री और पंजीयन के यौन एवं गुप्त रोगों के इलाज का दावा किया जा रहा था।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सोमवार 23 नवंबर को नायब तहसीलदार सरायपाली, सहायक नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट), राजस्व निरीक्षक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली की संयुक्त टीम ने दवाखाने में औचक निरीक्षण किया।
बोर्ड पर डॉ. राव, आधार कार्ड में निकला जावेद अली
जांच के दौरान क्लिनिक के बाहर ‘डॉ. राव दवाखाना’ का बोर्ड लगा मिला। वहीं अंदर टेबल पर BAMS (AM) की नेम प्लेट भी रखी हुई थी। मौके पर मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से जब टीम ने चिकित्सकीय डिग्री और पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।आधार कार्ड की जांच में उसकी वास्तविक पहचान जावेद अली, पिता महमूद अली, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में सामने आई। जांच दल के अनुसार, वह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर डॉ. राव के नाम से दवाखाना संचालित कर रहा था।
बिना लाइसेंस संचालित हो रहा था क्लिनिक
जांच के दौरान संचालक क्लिनिक संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता और छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 यानी नर्सिंग होम एक्ट के तहत अनिवार्य पंजीयन एवं लाइसेंस संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।इसके बाद जांच दल ने मौके पर पंचनामा तैयार कर दवाखाने को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया और आगामी आदेश तक सील कर दिया।
7 दिन में दस्तावेज पेश करने का नोटिस, एफआईआर की चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को सात दिवस के भीतर सभी वैध चिकित्सकीय योग्यता एवं पंजीयन संबंधी दस्तावेज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), महासमुंद के कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नर्सिंग होम एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों और फर्जी चिकित्सकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।





