



न्यूज मंच /महासमुंद/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। इसी दौरान पिथौरा थाना क्षेत्र के सूखा नाला के पास उनकी बाइक एक कार से पीछे से जा टकराई।मृतकों की पहचान ग्राम बरतुंगा निवासी भूपेन्द्र ध्रुव (22 वर्ष) और राकेश ध्रुव (23 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रात में खाना खाने के बाद अपनी पल्सर बाइक से घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सूखा नाला के पास उनकी बाइक एक कार से पीछे से टकरा गई।हादसे की सूचना मिलने पर टोल प्लाजा की एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा पिथौरा थाना क्षेत्र का है।





