



न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन हुआ। समारोह में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद खाद्य मंत्री ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। प्रशिक्षु सुबेदार ईश्वर साहू के नेतृत्व में 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, वन विभाग, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, गाइड और रेडक्रॉस सहित कुल 10 टुकड़ियों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस दौरान हर्ष के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।मुख्य अतिथि ने जिले में निवासरत 19 शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 170 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 12 विद्यालयों के 827 विद्यार्थियों ने योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी एवं हिंदी देशभक्ति गीतों की शानदार संगीतमयी प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद ने प्रथम, महर्षि विद्या मंदिर मचेवा ने द्वितीय तथा शासकीय डीएमएस महासमुंद ने तृतीय स्थान हासिल किया।

परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल सम्मानित
परेड के वरिष्ठ सशस्त्र बल समूह में 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल प्रथम, जिला पुलिस बल द्वितीय और नगर सेना महिला प्लाटून तृतीय स्थान पर रहे। वरिष्ठ समूह में सीनियर डिवीजन एनसीसी प्रथम, एनएसएस महाविद्यालय द्वितीय और जूनियर डिवीजन एनसीसी तृतीय रहा। कनिष्ठ समूह में एनएसएस आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल प्रथम, रेडक्रॉस आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वितीय तथा स्काउट कनिष्ठ समूह तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेता दलों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। परेड कमांडर प्रशिक्षु सुबेदार एवं सहायक उप निरीक्षक साइमा अम्बिलकर को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पुलिस विभाग ने साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ के उद्देश्य से ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ थीम पर साइबर जागृति अभियान चलाया। सेल्फी जोन में नागरिकों ने सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता निभाई।

कलेक्ट्रेट में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों की याद दिलाने का अवसर है। देश को आजादी अनेक बलिदानों और संघर्षों के बाद मिली है। इसे बनाए रखना और राष्ट्र को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए ईमानदारी, निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करना आवश्यक है। कलेक्टर ने अपने शासकीय आवास पर भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं डाइट के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

प्रेस भवन के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रथम तल में भी लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महासमुंद के प्रेस भवन के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रथम तल में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस का ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की एकमात्र महिला पत्रकार सदस्य ने ध्वजारोहण किया।ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया गया। इसके बाद भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी सदस्य मौजूद रहे और देश की आजादी के पर्व को उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया।

