



न्यूज मंच /महासमुंद/ 2 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक जिले में आयोजित किए जा रहे दान उत्सव के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्वयं रक्तदान कर नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भी लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।शिविर में जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, जनसंपर्क अधिकारी पोषण साहू सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया। दोपहर तक शिविर में 10 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए सामाजिक एवं औद्योगिक संस्थाओं ने हेलमेट और बेडशीट प्रदान कर सहयोग किया।रक्त संग्रहण एवं तकनीकी व्यवस्थाओं में देवेंद्र नगर गुरुद्वारा ब्लड बैंक की टीम ने सहयोग किया। शिविर में अपर कलेक्टर रवि साहू, सीएमएचओ डॉ. रामकेश्वर कुशवाहा, एसडीएम अक्षा गुप्ता, तहसीलदार जुगल किशोर और डीपीएम नीलू धृतलहरे सहित अधिकारी मौजूद रहे।इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में भी रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। यहां जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, एसडीएम नमिता मारकोले और तहसीलदार प्रेरणा सिंह ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।जिले के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

