



खरीफ 2026 के लिए किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये मिलेगी आदान सहायता राशि, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसान भी होंगे पात्र
न्यूज मंच /महासमुंद/ छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना को लेकर प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना कोई चुनावी योजना नहीं है, बल्कि प्रदेश के समस्त किसानों के हित और उनकी आर्थिक उन्नति को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष से आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।
महासमुंद प्रवास के दौरान मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि कृषक उन्नति योजना खरीफ वर्ष 2026 के लिए लागू कर दी गई है। इसके तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना ग्रीष्मकालीन धान की फसल के लिए लागू नहीं होगी।मंत्री बघेल ने कहा कि अब किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान विक्रय करने पर भी योजना के प्रावधानों के अनुसार आदान सहायता राशि दी जाएगी। इससे उन किसानों को भी लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचते हैं।उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की बात कहते हुए कहा कि बिचौलियों के माध्यम से धान बेचने की अवैध प्रक्रिया पर अंकुश लगाने के लिए सख्ती शुरू कर दी गई है। सरकार का उद्देश्य वास्तविक किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है।मंत्री के इस बयान से कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को मिलने वाली सहायता और धान खरीदी व्यवस्था में होने वाले बदलावों को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है।

