


न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ 1 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद ने शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार बिजली की दरें बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने के समर्थन में आम लोगों से आवेदन एवं विरोध पत्र भरवाएंगे। यह अभियान दो महीने तक चलाया जाएगा। इसके बाद जिला मुख्यालयों में बिजली कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदन संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाएंगे और उनकी पावती ली जाएगी।कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक बिजली दरों में कुल 31.23 प्रतिशत की वृद्धि की जा चुकी है। पार्टी का कहना है कि पहले 12 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाया गया और उसके बाद घरेलू, गैर-घरेलू तथा कृषि उपभोक्ताओं के लिए भी फबिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी की गई है।कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़ रहे हैं तथा बिना उपभोक्ताओं की सहमति अनुबंध भार बढ़ाकर अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है। कांग्रेस ने सरकार से बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने तथा स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जिला स्तर पर आंदोलन पूरा होने के बाद प्रदेशभर से एकत्रित आवेदनों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया जाएगा।

