


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ खरोरा स्थित शासकीय जिला अस्पताल महासमुंद में राठी परिवार द्वारा अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति में मरीजों एवं आमजनों की सुविधा के लिए वाटर कूलर एवं वाटर फिल्टर भेंट किया गया। यह सेवा कार्य ताराचंद राठी, देवीचंद राठी, हेमंत राठी एवं भरत राठी द्वारा अपने स्वर्गीय पिता श्रीमल राठी एवं माता श्रीमती शांति बाई राठी की स्मृति में किया गया। वाटर कूलर एवं वाटर फिल्टर का लोकार्पण मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. बसंत महेश्वरी तथा मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर डॉ. बसंत महेश्वरी ने राठी परिवार के इस सराहनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ओपीडी के बाहर स्थापित फिल्टरयुक्त वाटर कूलर से अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों एवं अन्य लोगों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। वहीं डॉ. आई. नागेश्वर राव ने इसे एक पुनीत एवं समाजोपयोगी कार्य बताते हुए राठी परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. सचदेवा, कस्तूर चंद राठी, ललित राठी, ओमप्रकाश चांडक, पारस चांडक सहित राठी परिवार के सदस्य मौजूद रहे।अस्पताल प्रशासन ने कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है और समाज में सेवा एवं परोपकार की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।

