

न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ 14 अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व महासमुंद में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, आम नागरिकों, एनएसएस, रेडक्रॉस, पुलिस बल, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हरी झंडी दिखाकर किया। मिनी स्टेडियम से शुरू हुई तिरंगा दौड़ बरोण्डा चौक, शास्त्रीय चौक, सतबहिनिया चौक, गांधी चौक और नेहरू चौक होते हुए वापस मिनी स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। दौड़ के दौरान प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से जोड़ने के साथ ही राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करने का संदेश
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। तिरंगा दौड़ के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
तिरंगा दौड़ में शामिल खिलाड़ियों ने भी आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया। खिलाड़ियों का कहना था कि देश को आजाद कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और उनके सम्मान में इस दौड़ में शामिल होना उनके लिए गर्व का विषय है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस आयोजन ने महासमुंद में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के चलते तिरंगा दौड़ शहर में आकर्षण का केंद्र रही।

