




न्यूज मंच डेस्क / 29 अप्रैल 2026/ महासमुंद जिले के एकलव्य इंग्लिश मीडियम स्कूल अर्जुदा ने प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा जगत में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एक ही स्कूल के 7 छात्रों ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाकर स्कूल, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल की छात्रा संध्या नायक ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल का परचम लहराया। संध्या ने 99% (594) प्राप्त किया है , वहीं रानू सिद्धिमयी साहू और रेणुका प्रधान ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया । इन दोनो ने 98.83%(593)अंक प्राप्त किया है । इसके अलावा चाहत चौधरी ने 98%(588) अंक प्राप्त कर सातवां स्थान, तिसा साहू ने 97.83% (587)अंक प्राप्त कर आठवां स्थान प्राप्त किया। भारती चंद्रा और लता चौधरी ने 97.50% ( 585) अंक हासिल कर दसवां स्थान हासिल कर स्कूल की उपलब्धियों में और गौरव जोड़ा। एक ही विद्यालय से सात छात्रों का प्रदेश टॉप-10 में शामिल होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस शानदार सफलता के बाद स्कूल परिसर में जश्न का माहौल है। शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीणों में खुशी की लहर है तथा सभी मेधावी छात्रों को बधाइयां दे रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। यह उपलब्धि आने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

