



न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ 16 सितंबर 2026/ महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा, महासमुंद में बुधवार से हिंदी पखवाड़ा प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के प्रथम दिवस कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति का परिचय दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक नारों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।विद्यालय के उप-सांस्कृतिक प्रभारी ने बताया कि हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आगामी छह दिनों तक विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कविता लेखन, चित्रकला एवं पोस्टर निर्माण, अनुच्छेद लेखन एवं अनुवाद, भाषण प्रतियोगिता तथा निबंध लेखन प्रमुख हैं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति, लेखन कौशल और वक्तृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना है। हिंदी पखवाड़े का ग्रैंड फिनाले एवं पुरस्कार वितरण समारोह 23 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के सभी बैजधारियों ने अपनी-अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके सहयोग से आयोजन व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

