


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर एनीकट में सोमवार दोपहर मछली पकड़ने के दौरान एक 21 वर्षीय युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नदी में तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण युवक का देर शाम तक पता नहीं चल सका।जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी रामेश्वर निषाद (21 वर्ष) सोमवार दोपहर करीब 2 बजे गोपालपुर एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। मौके पर मौजूद उसके चचेरे भाई तीरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना पर तुमगांव पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हालांकि, नदी में अत्यधिक जलस्तर और तेज बहाव के कारण सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल पानी में उतरकर तलाश अभियान शुरू नहीं किया जा सका। प्रशासन द्वारा युवक की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।परिजनों ने बताया कि रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों के परिवार में छठे नंबर का सदस्य था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, ऐसे में प्रशासन ने लोगों से जलमग्न एनीकट और पुल-पुलियों से दूर रहने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

