



न्यूज मंच/महासमुंद/ छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने जा रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अंतर्राज्यीय जांच चौकी टुहलु और नवीन धान उपार्जन केंद्र बोईरगांव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने, किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर लंगेह ने टुहलु स्थित अंतर्राज्यीय जांच चौकी का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से वाहनों की जांच, ड्यूटी व्यवस्था और निगरानी संबंधी जानकारी ली।उन्होंने निर्देशित किया कि धान खरीदी शुरू होते ही सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।अन्य राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर जिले में खपाने और बिचौलियों के माध्यम से धान की बिक्री करने के प्रयासों पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उन्होंने संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करने तथा अवैध परिवहन पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसके बाद कलेक्टर ने नवीन धान उपार्जन केंद्र बोईरगांव पहुंचकर खरीदी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था, बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के सुरक्षित भंडारण जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों के टोकन के अनुसार व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी की जाए। धान की गुणवत्ता और नमी का परीक्षण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हो तथा तौल प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारू होनी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान एसडीएम नमिता मारकोले सहित राजस्व, मंडी, पुलिस और खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

