


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद नगर पालिका परिषद द्वारा नगर में संचालित आर.आर.आर. (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ने की पहल की जा रही है। सेंटर का उद्देश्य ऐसी उपयोगी सामग्रियों का पुनः उपयोग सुनिश्चित करना है, जिन्हें लोग अनुपयोगी समझकर फेंक देते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि घरों में रखी पुरानी लेकिन उपयोग योग्य सामग्री जैसे कपड़े, पुस्तकें, खिलौने, जूते, बैग, फर्नीचर एवं अन्य वस्तुएं आर.आर.आर. सेंटर में जमा करें। इससे जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सकेगी और कचरे की मात्रा में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि “रीयूज और रिसाइकिल की आदत अपनाकर हम न केवल अपने नगर को स्वच्छ बना सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।” नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में आर.आर.आर. सेंटर से जुड़ने तथा स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

