




न्यूज मंच डेस्क/ 18 अप्रैल 2026/ महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार तस्कर केले के परिवहन की आड़ में बोरियों के भीतर गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस ने नाकाबंदी कर एक आईशर प्रो 2059 वाहन (क्रमांक AP 39 TT 4556) को रोका। वाहन की सघन तलाशी के दौरान केले के बीच छुपाकर रखी गई 29 बोरियों में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कुल 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया। जांच में यह भी सामने आया कि यह गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। इस मामले में झारखंड निवासी आरोपी अब्दुल नईम (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
जब्त सामग्री में शामिल:
912.760 किलोग्राम गांजा (कीमत 4,56,38,000 रुपये)
आईशर प्रो 2059 वाहन (कीमत 10 लाख रुपये)
02 मोबाइल फोन (कीमत 7,000 रुपये)
04 फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले में गांजा तस्करी के 72 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त कर 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 52 आरोपी छत्तीसगढ़ के जबकि 135 अन्य राज्यों के निवासी हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

