



न्यूज मंच/महासमुंद/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार विचाराधीन बंदियों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच चारों बंदी जेल की पिछली ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और जांच टीमें फरार बंदियों की तलाश में जुट गई हैं।फरार हुए बंदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेन्द्र और पंचराम के रूप में हुई है। इनमें तीन बंदी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि चौथा बंदी पंचराम चोरी के मामले में विचाराधीन था। चारों बंदियों को जेल की बैरक नंबर पांच में रखा गया था।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जेल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही फरार बंदियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।बताया जा रहा है कि चोरी के मामले में जेल में बंद पंचराम आदतन अपराधी है और इससे पहले भी जांजगीर-चांपा जेल से फरार हो चुका है। सहायक जेल अधीक्षक संदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चार बंदी जेल से फरार हुए हैं। वे किस तरह जेल की दीवार फांदकर बाहर निकले, इसकी जांच की जा रही है।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जिला जेल की ऊंची दीवारों, उन पर लगे बिजली के तारों और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद चार बंदियों का फरार हो जाना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। बताया जा रहा है कि महासमुंद जिला जेल से बंदियों के फरार होने की यह दूसरी घटना है। ऐसे में जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में संभावित चूक की जांच जरूरी हो गई है।अब देखना होगा कि जांच में बंदियों के फरार होने के पीछे क्या कारण सामने आते हैं और इस मामले में जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

