


9 अप्रैल 2026/महासमुंद/ जिले में बढ़ते अपराध के बीच एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। महासमुंद कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लभरा खुर्द में एक कुएं से बोरी में बंद युवक की लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, गांव के विद्युत सब स्टेशन के पीछे स्थित बड़े झाड़ के जंगल के पास से तेज बदबू आने की शिकायत ग्रामीणों ने सरपंच से की थी। इसके बाद सरपंच ने गांव के कोटवार को मौके पर जांच के लिए भेजा। जांच के दौरान कोटवार ने सितली नाला नहर से लगे पंप हाउस के पास स्थित कुएं में एक बोरी संदिग्ध हालत में डूबी हुई देखी। ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी में जब बोरी को कुएं से बाहर निकाला गया, तो उसमें एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया था। साथ ही शव को बोरी में भरकर पत्थरों से बांधकर कुएं में फेंका गया था।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच है और शव लगभग 25 से 30 दिन पुराना बताया जा रहा है, जो पूरी तरह सड़-गल चुका है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी हैं।

