


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक मृतक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार सुबह सूचना मिली कि ग्राम खल्लारी में कुंदन साहू (32 वर्ष) का शव उसके घर के पीछे संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार कुंदन साहू मजदूरी का कार्य करता था। वह 9 जून की रात गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता देखने गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। 10 जून को उसे आंवराडबरी क्षेत्र में घूमते हुए देखा गया था। गुरुवार सुबह उसका शव घर के पीछे मिला। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस परिजनों और उसके मित्रों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
इसी तरह ग्राम ओंकारबंध में भी एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक के पैर में बिजली का तार चिपका हुआ था। हालांकि शरीर पर अन्य किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू कर दी है तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों मामलों की जांच जारी है।

