



न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में तीसरी बार भारी मात्रा में जब्त गांजे का वैज्ञानिक तरीके से नष्टीकरण किया। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में गुरुवार को विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 45 मामलों में जब्त 18 क्विंटल 69 किलो 963 ग्राम अवैध गांजे को बेलसोंडा स्थित बालाजी प्लांट में नष्ट किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 8 करोड़ 95 लाख 43 हजार 150 रुपये बताई गई है। नष्टीकरण से पहले पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी एवं रक्षित निरीक्षक की उपस्थिति में जब्त मादक पदार्थ का भौतिक सत्यापन किया गया।इसके बाद शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार गांजे का वैज्ञानिक तरीके से नष्टीकरण किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थ में वर्ष 2025 के पांच तथा वर्ष 2026 के 40, कुल 45 प्रकरणों में जब्त गांजा शामिल था। इनमें सिंघोड़ा, कोमाखान, बसना, सरायपाली, खल्लारी, महासमुंद और बागबाहरा थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं। इससे पहले 29 और 30 जून को भी पुलिस ने दो चरणों में 19 क्विंटल 93 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ 46 लाख 78 हजार 500 रुपये थी, नष्ट किया था। इस तरह तीन दिनों में महासमुंद पुलिस कुल 38 क्विंटल 62 किलो 963 ग्राम गांजा नष्ट कर चुकी है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 19 करोड़ 42 लाख 21 हजार 650 रुपये है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे।

