



न्यूज मंच /महासमुंद/ राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पिथौरा थाना क्षेत्र के लाखागढ़ के पास बीती रात दो ट्रकों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।पिथौरा थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रक चावल से लदा हुआ था और खराब होने के कारण उसे राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लाखागढ़ के पास सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहे दूसरे ट्रक में, जिसमें दोना-पत्तल लदा हुआ था, खराब ट्रक के पास पहुंचते ही अचानक इंजन में आग लग गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े चावल लदे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण दोनों ट्रक धू-धू कर जलने लगे। स्थिति को देखते हुए दूसरे ट्रक के चालक ने वाहन से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना पिथौरा थाना क्षेत्र की है।

