



न्यूज मंच / महासमुंद/ नगर में सियार के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। शहर में सियार ने अलग-अलग स्थानों पर 7 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।जानकारी के मुताबिक, सियार ने सबसे पहले शिवानंद कॉलोनी में घर के बाहर बैठी एक महिला को अपना निशाना बनाया। इसके बाद वह बीटीआई रोड की ओर पहुंचा और भाजपा कार्यालय के पास आयोजित एक निजी कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।घायलों में रायपुर से एक निजी कार्यक्रम में खाना बनाने के लिए महासमुंद आए तीन लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में करीब 5 से 6 सियार होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों में सुशीला सिंह (64) शिवानंद कालोनी निवासी , प्रेमलता पटेल (27) वार्ड नं 27 निवासी, आयुषि बीटीआई रोड़ निवासी , आकाश पंचतरू (24) सरोना रायपुर निवासी, लवेश निषाद (24) वार्ड नं 22 निवासी , जीवराखन यादव (51) नकटा रायपुर निवासी और राजेश राजपूत (39) सरोना रायपुर निवासी शामिल हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सियार के हमले के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और वन विभाग से सियारों को पकड़ने की कार्रवाई की मांग की जा रही है। मेडिकल कालेज के अधीक्षक डा बसंत महेश्वरी ने बताया कि मंगलवार की शाम 7.30 बजे के आसपास 07 लोग सियार के काटने , नाखून लगने से घायल हुवे आये थे ,जिनका प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हे वापस भेज दिया गया । घायलो में कोई भी गंभीर नही था ।

