



न्यूज मंच/महासमुंद/ जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकराडीह में एक दर्दनाक हादसे में महिला पंच की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान कालिंद्री कंवर (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत कुकराडीह के वार्ड क्रमांक 03 की पंच थीं।जानकारी के अनुसार, कालिंद्री कंवर गांव के सामाजिक भवन में पोताई का काम कर रही थीं। इसी दौरान लोहे की सीढ़ी हटाते समय वह पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गईं। करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली लाइन से जुड़े खतरे को लेकर वे कई बार बिजली विभाग से शिकायत कर चुके थे, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।घटना की सूचना मिलने पर तुमगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल तुमगांव पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

