



न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने महासमुंद वृत्त कार्यालय में AE, JE एवं मैदानी अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर बकाया राजस्व वसूली और शासन की समाधान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में महासमुंद, पिथौरा, सरायपाली और गरियाबंद संभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। MD ने ₹5 हजार से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमानुसार विच्छेदित करने तथा ₹50 हजार से अधिक बकायेदारों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। विच्छेदन के बाद बिना अनुमति कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण पुलिस थाना एवं सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र बकायेदार उपभोक्ताओं को समाधान योजना की छूट और लाभ की जानकारी देकर योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए। योजना के आवेदनों और राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। MD ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली और समाधान योजना दोनों को प्राथमिकता दी जाए। लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित JE एवं AE की जवाबदेही तय कर वेतन वृद्धि रोकने अथवा वेतन रोकने जैसी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

